46 अंक के साथ रक्सौल स्तर पर कनिष्ठ वर्ग में समृद्धि श्रेया और 43 अंक के साथ वरिष्ठ वर्ग में रिया कुमारी रहीं अव्वल
नौ विद्यालयों के 28 चयनित प्रतिभागी 27 सितंबर को शाखा स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच में आजमाएंगे अपना ज्ञान और प्रतिभा क्षमता
रक्सौल। भारत विकास परिषद्–रक्सौल शाखा द्वारा आयोजित अखिल भारतीय ‘भारत को जानो’ लिखित परीक्षा–2026 में शहर के नौ विद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 31 अगस्त को आयोजित परीक्षा के परिणाम के आधार पर कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त 28 प्रतिभागियों ने शाखा स्तरीय प्रश्न मंच की पात्रता हासिल की है। ये प्रतिभाशाली विद्यार्थी आगामी 27 सितंबर 2026 को आयोजित शाखा स्तरीय प्रश्न मंच में अपने ज्ञान, स्मरणशक्ति और त्वरित उत्तर देने की क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
लिखित परीक्षा में कनिष्ठ वर्ग में एस.ए.वी. स्कूल की समृद्धि श्रेया ने 50 में 46 अंक प्राप्त कर सर्वाधिक अंक हासिल कर रक्सौल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया , जबकि वरिष्ठ वर्ग में एस.ए.वी. स्कूल की रिया कुमारी ने 50 में 43 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में रक्सौल स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सर्वाधिक अंक वाले प्रतिभागी संत माइकल इंग्लिश स्कूल के सर्वेश साह (44 अंक) रहे। वहीं वरिष्ठ वर्ग में चन्द्रशील स्कूल के द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सर्वाधिक अंक वाले प्रतिभागी अंकित कुमार (38 अंक) रहे। सभी प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ रक्सौल का भी गौरव बढ़ाया है।
शाखा स्तरीय प्रश्न मंच के पश्चात चयनित प्रतिभागियों में से कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 4 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को प्रांतीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।







भारत विकास परिषद्–रक्सौल शाखा के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि ‘भारत को जानो’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में भारत की गौरवशाली संस्कृति, इतिहास, परंपरा, महापुरुषों और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जिज्ञासा एवं गौरव की भावना जगाने का अभिनव अभियान है। रक्सौल के विद्यालयों में विद्यार्थियों की जिस प्रकार की सहभागिता सामने आई है, वह निश्चित रूप से उत्साहवर्धक है। शाखा स्तर से लेकर प्रांतीय स्तर तक विद्यार्थियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए परिषद् निरंतर प्रयासरत है।
शाखा सचिव नरेश कुमार ने कहा कि लिखित परीक्षा में विद्यार्थियों की शानदार भागीदारी यह साबित करती है कि नई पीढ़ी अपने देश के इतिहास और संस्कृति को जानने के लिए उत्सुक है। शाखा स्तरीय प्रश्न मंच में चयनित विद्यार्थी अब अपनी तैयारी और आत्मविश्वास की वास्तविक परीक्षा देंगे। उन्होंने सभी चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में सफलता से अधिक महत्वपूर्ण ज्ञान अर्जन और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।
संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह ने कहा कि ‘भारत को जानो’ अभियान परिषद् के संस्कार प्रकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, सभ्यता, संस्कार और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने में ऐसी प्रतियोगिताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रश्न मंच में विद्यार्थियों की प्रतिभा के साथ-साथ उनकी त्वरित निर्णय क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास भी सामने आएगा।
कोषाध्यक्ष सुनील कुमार एवं कार्यक्रम संयोजक प्रतीक कुमार ने कहा कि परीक्षा के आयोजन से लेकर परिणाम और आगामी प्रश्न मंच तक की पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। नौ विद्यालयों से चयनित 28 प्रतिभागियों का प्रश्न मंच निश्चित रूप से ज्ञानवर्धक और रोचक होगा। उन्होंने विद्यार्थियों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रति सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने कहा कि रक्सौल शाखा के लिए यह गौरव का विषय है कि शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर सहभागिता की। उन्होंने कहा कि प्रश्न मंच विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर है।
उन्होंने सभी चयनित प्रतिभागियों को आगामी प्रश्न मंच के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ये विद्यार्थी अपने ज्ञान एवं प्रतिभा के बल पर शाखा का नाम प्रांतीय स्तर पर भी गौरवान्वित करेंगे। इसकी जानकारी परिषद के संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी है।

COMMENTS