ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रबोध के महापर्व की ओर भारत विकास परिषद का एक और कदम
‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच की तैयारियां अंतिम चरण में, नौ विद्यालयों के 28 प्रतिभागी कल दिखाएंगे प्रतिभा
रक्सौल। ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रबोध की त्रिवेणी को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में भारत विकास परिषद्–रक्सौल शाखा एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाने जा रही है। कल रविवार, 27 सितंबर को पूर्वाह्न 11:30 बजे शहर के बैंक रोड स्थित श्री सत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर के द्वितीय तल पर शाखा स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच–2026 का आयोजन होगा। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गयी हैं।
मंदिर परिसर के द्वितीय तल पर शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी एवं कोषाध्यक्ष सुनील कुमार के मार्गदर्शन में परिषद के कर्मठ सदस्य पूरे समर्पण और जिम्मेदारी के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मंच की साज-सज्जा से लेकर प्रतिभागियों के बैठने की व्यवस्था, प्रश्नोत्तरी के विभिन्न राउंड, आवश्यक सामग्री और तकनीकी व्यवस्थाओं को बारीकी से व्यवस्थित किया जा रहा है।
‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच में रक्सौल शहर के नौ विद्यालयों से 31 अगस्त को आयोजित अखिल भारतीय ‘भारत को जानो’ लिखित परीक्षा में कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 28 प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रश्न मंच के दौरान विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों से देश के इतिहास, संस्कृति, भूगोल, संविधान, महापुरुषों, राष्ट्रीय विरासत एवं विविध समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। ऑडियो-विजुअल समेत विभिन्न राउंड में प्रतिभागियों की ज्ञान क्षमता, स्मरणशक्ति, त्वरित निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास की परीक्षा होगी। ऐसे में सवालों की बौछार के बीच कौन प्रतिभागी अपनी सूझ-बूझ और ज्ञान का बेहतर प्रदर्शन करता है, यह देखना खासा दिलचस्प होगा।
परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘भारत को जानो’ महज एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को भारत की गौरवशाली संस्कृति, इतिहास और परंपरा से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में ज्ञान के साथ आत्मविश्वास, राष्ट्रप्रेम और अपनी भारतीय विरासत के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करना है।
परिषद के संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने बताया कि आयोजन को लेकर परिषद के सदस्यों में विशेष उत्साह है। सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है, ताकि प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के दौरान बेहतर वातावरण मिल सके। इसकी जानकारी परिषद के संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी है।

COMMENTS